बड़ाजामदा में चाकू घोंपकर दो युवकों को किया घायल, तीन बोलेरो में सवार होकर पहुंचे थे बदमाश

नोवामुंडी संवाददाता,

29 अगस्त। बड़ाजामदा में शनिवार देर शाम करीब 8 बजेदो युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में विक्की सिंह रीढ की हड्डी में चाकू मारा है और प्रीतम गुप्ता (32) के पेट के बाईं ओर तीन जगह चाकू घोंपे जाने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल प्रीतम को परिजनों ने इलाज के लिए टीएमएच नोवामुंडी में भर्ती कराया है।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) अविनव कुमार घायल युवक प्रीतम का बयान लेने की तैयारी कर रहे थे, ताकि हमले के कारण और इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी मिल सके।
बताया जाता है कि शनिवार शाम तीन बोलेरो वाहनों में सवार होकर दो दर्जन से अधिक लोग बड़ाजामदा पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही इन लोगों ने फिल्मी अंदाज में प्रीतम की खोजबीन शुरू कर दी। इसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share this News...