दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई
राज्यों में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है. बंगाल की खाड़ी में आए अर्नब चक्रवात को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है. यह चक्रवात बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु जैसे राज्यों में तबाही मचाएगा. मौसम विभाग ने इसे लेकर एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. वहीं इस साइक्लोन का असर दिल्ली-यूपी तक देखने को मिलेगा. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 28 अक्टूबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देश के 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
बंगाल में चक्रवात अर्नब का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश
चक्रवात ‘अर्नब’ के अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने और बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच पश्चिम बंगाल में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कल बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. कल दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. इन चार जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की
रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी रुक-रुककर बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई. मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश का अनुमान
जताया है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन होने की आशंका भी व्यक्त की गई है.
झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश
चक्रवात ‘अर्नब’ की वजह से झारखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 30 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे के वास्ते भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसके अलावा चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी 29 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना.
मध्यम बारिश: पश्चिम बंगाल, केरल, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और झारखंड.
हल्की बारिश: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, असम और मेघालय
