रांचीः रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर नामकुम थाना क्षेत्र के पुराना रामपुर के पास शनिवार की सुबह करीब 9:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डिवाइडर पर उगी घास की कटाई कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक महिला और एक पुरुष मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए. मृतक तमाड़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं. रामपुर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि की है.
जमशेदपुर की ओर से आ रहे कंटेनर ने मारी टक्कर
रामपुर के पूर्व मुखिया महादेव मुंडा ने बताया कि हादसा रिंग रोड गोल चक्कर से करीब एक किलोमीटर आगे जमशेदपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई. एनएच के डिवाइडर पर बड़ी-बड़ी घास उग आने के कारण मजदूरों को उसकी कटाई के काम में लगाया गया था. मजदूर घास काटकर उसे ट्रैक्टर पर लाद रहे थे. इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने मजदूरों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर भी घटनास्थल से काफी दूर जा गिरा.हादसे में एक महिला और एक पुरुष मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई.
सुरक्षा के लिए लगाया गया था रेड सिग्नल
पूर्व मुखिया महादेव मुंडा ने बताया कि सड़क के डिवाइडर पर घास की कटाई का काम नियमित रख-रखाव के तहत कराया जा रहा था. काम के दौरान सुरक्षा के उपाय भी किए गए थे. जिस स्थान पर मजदूर घास काट रहे थे, वहां रेड सिग्नल लगाया गया था. इसके बावजूद तेज रफ्तार कंटेनर मजदूरों को कुचलते हुए निकल गया.
ग्रामीणों ने पीछा कर कंटेनर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से आगे निकल गया. इसके बाद ग्रामीणों ने कंटेनर का पीछा करना शुरू किया. कुछ दूरी आगे जाकर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कंटेनर पलट गया. इसके बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह ने ईटीवी भारत को बताया कि पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. चालक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है.
एक घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल तीन मजदूरों में से दो को मामूली चोटें आई हैं. उनका प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया. वहीं, एक घायल को इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
