अगले तीन से चार दिनों तक और सताएगी ठंड, दो से तीन डिग्री गिर सकता है न्यूनतम तापमान

रांची ,19 दिसंबर (ईएमएस): अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में गिरावट रहने के आसार हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में और दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक उत्तर पश्चिम की ओर से आ रही ठंडी हवा सीधे झारखंड में आ रही है। इसी वजह से तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को आसमान बिलकुल साफ है। धूप खिली हुई है लेकिन ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

झारखंड में पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। राज्य में सुबह के समय एक-दो स्थानों पर मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा और उत्तरी पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं कोल्ड डे की स्थिति भी बनी। सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। आसमान साफ होने से तापमान में गिरावट आई है। साथ ही उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है, जिससे ठंड बढ़ी है।

21 और 22 दिसंबर को हल्के बादल छाने की संभावना
रांची और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह के समय कुहासा हो सकता है। वहीं 21 और 22 दिसंबर को हल्के बादल छाए सकते हैं। इधर, डॉक्टरों ने कहा कि तापमान में ज्यादा गिरावट हो रही है। इस समय अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। पूरे बदन को गर्म कपड़ों से ढंक कर रखें। गुनगुनी पानी पीएं।

Share this News...