CSK Head Coach Zaheer Khan: पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल 2027 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का नया हेड कोच नियुक्त गिया गया है। फ्रेंचाइजी ने सोमवार को यह बड़ी घोषणा की। वह स्टीफन प्लेमिंग की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज फ्लेलिंग 18 साल तक चेन्नई के कोच रहे। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई के पिछले तीन सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद फ्लेमिंग ने अलग होने का फैसला किया। वह अब इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच हैं।
IPL 2027 को लेकर चौंकाने वाला ऐलान
फ्लेमिंग के जाने के बाद नए कोच लेकर जमकर अटकलें लग रही थीं। सीएसके के बैटिंग कोच माइकल हसी से लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन को यह जिम्मेदारी सौंपने की चर्चा थी लेकिन फ्रेंचाइजी ने सभी को चौंकाते हुए 47 वर्षीय जहीर पर मुहर लगाई। जहीर ने 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 610 इंटरनेशनल विकेट चटकाए। जहीर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस (एमआई) समेत तीन टीमों के लिए 100 मैच खेले और 102 विकेट लिए।
जहीर खान पहली बार करेंगे ये काम
जहीर ने 2017 में आईपीएल से रिटायर होने के बाद अलग-अलग पद पर काम किया है। उन्हें आईपीएल 2019 से पहले एमआई का क्रिकेट ऑपरेशंस का डायरेक्टर बनाया गया और फिर फ्रेंचाइजी के ग्लोबल डेवलपमेंट के हेड बने थे। जहीर लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मेंटोर रह चुके हैं। वह 2025 में एलएसजी के साथ थे लेकिन अगले सीजन से पहले ही फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया। वह पहली बार हेड कोच के दौर पर काम करेंगे।
जहीर को लेकर फ्रेंचाइजी मालिक ने क्या कहा?
चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने जहीर का टीम में स्वागत करते हुए कहा, ”हमें जहीर खान को सीएसके के हेड कोच के तौर पर कन्फर्म करते हुए खुशी हो रही है। जहीर का शानदार खेल करियर रहा। उनमें युवा टैलेंट को निखारने की काबिलियत है, जो उन्हें हमारे सेटअप के लिए एक बेशकीमती बनाती है। हमें यकीन है कि उनके मार्गदर्शन से इस फ्रेंचाइजी के कोर को मजबूत करने में मदद मिलेगी।” समझा जाता है कि सीएसके की क्रिकेट प्रबंधन समिति में शामिल एमएस धोनी, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और मालिक रूपा गुरुनाथ इस बार एक भारतीय कोच चाहते थे। धोनी अनफिट होने के कारण पिछले सीजन में नहीं खेले थे। धोनी और जहीर काफी समय तक भारत के लिए एकसाथ खेले हैं। धोनी की अगुवाई में भारत ने जब 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीता तो जहीर भी टीम में थे।
