सडक़ पर वाहन रोककर सवारी बैठाने पर होगी सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक डीएसपी और डीटीओ ने ऑटो ओर ई-रिक्शा चालकों के साथ की बैठक

तय स्थान पर रोकें ऑटो, बेतरतीब पार्किंग पर कार्रवाई की चेतावनी

जमशेदपुर, 21 सितंबर (रिपोर्टर) : शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक की. बैठक में ट्रैफिक डीएसपी और डीटीओ ने चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने चालकों से वाहनों के सभी आवश्यक कागजात दुरुस्त रखने और निर्धारित ड्रेस में ही वाहन चलाने को कहा. साथ ही सडक़ किनारे या अन्य स्थानों पर बेतरतीब तरीके से ऑटो व ई-रिक्शा खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित स्थान के बजाय सडक़ पर वाहन रोककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है. इसलिए चालक निर्धारित स्थान पर ही वाहन रोकें और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें. ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने अथवा नियमों का उल्लंघन करनेवाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि यह पहल प्रथम चरण में की गई है. आनेवाले दिनों में नियमों के पालन की निगरानी भी की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य शहर में यातायात को सुगम बनाना और जाम व सडक़ दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है.

Share this News...