दुमका – गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के बीजेपी सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा है कि उपराजधानी दुमका से बहुत जल्द दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के लिए ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। इससे दुमका वासियों को महानगरों में जाने के लिए बेहतर संपर्क हो जाएगा। डॉ निशिकांत रविवार को दुमका पहुंचे। उन्होंने टावर चौक के समीप स्थित आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दुमका में आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से दुमका सहित आसपास के जिलों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। अब आधार से संबंधित कार्यों के लिए लोगों को रांची जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल,मृणाल मिश्रा,जयप्रकाश मंडल,मनोज साह,सुरेश मुर्मू,सीताराम पाठक,बिमल मरांडी साथ रहे ।
आधार सेवा केंद्र के उद्घाटन के बाद सांसद निशिकांत दुबे भारतीय जनता पार्टी,दुमका जिला द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में शामिल हुए। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए राज्य की राजनीति और विकास कार्यों को लेकर कई सवाल उठाए।
निशिकांत दुबे ने कहा कि राजनीति का आधार जनता के बीच किए गए विकास कार्य होने चाहिए। उन्होंने दुमका में एक ही परिवार के लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक वर्चस्व का सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के सामने विकास का ऐसा कौन-सा बड़ा काम है,जिसे मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जा सके ।
उन्होंने राजनीतिक नेतृत्व से विकास कार्यों का स्पष्ट विवरण जनता के सामने रखने की बात कही और कहा कि राजनीति केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए,बल्कि उसका आधार विकास और जनहित के कार्य होने चाहिए।
सांसद ने दुमका और गोड्डा लोकसभा क्षेत्र की सड़क व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दुमका लोकसभा क्षेत्र से बाहर निकलने पर सड़कों की स्थिति में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा दुमका लोकसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें खराब स्थिति में हैं,जबकि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद सड़क व्यवस्था बेहतर दिखाई देती है।
उन्होंने सड़क निर्माण और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक नेतृत्व से जनता के सामने किए गए कार्यों का पूरा विवरण रखने की मांग की ।
खनन कानून में संशोधन के विरोध में सितंबर माह में JMM द्वारा प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित धरना कार्यक्रम को लेकर भी निशिकांत दुबे ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा क्या सिर्फ झारखंड में ही कोयला है ? कोयला और खनन से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि कोयले की चोरी को कैसे रोका जाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोयले पर निर्भरता कम होगी और इस विषय पर जनता को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि “झारखंड में कोयला बंद कर दीजिए, भारत सरकार को इसकी कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश का युवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है।
निशिकांत दुबे ने दुमका से दिल्ली और मुंबई के लिए जल्द ट्रेन सेवा शुरू होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इससे दुमका और आसपास के लोगों को देश के प्रमुख महानगरों से बेहतर रेल संपर्क की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को झारखंड से बाहर रखा जाना चाहिए।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल,सीताराम पाठक,सुरेश मुर्मू, मिडिया सह प्रभारी नवल किस्कू , नगर मंत्री रानी सिंह आदि उपस्थित थे।
