नागरिकता कानून / 5 भाजपा शासित राज्यों समेत 12 प्रदेशों में विरोध; लखनऊ में फायरिंग में एक की मौत, उपद्रवियों ने पुलिस चौकी फूंकी

गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर विरोध प्रदर्शन के चलते इंडिगो के क्रू मेंबर्स जाम में फंस गए, इसके बाद एयरलाइन ने उ?ानें रद्द कीं
दिल्ली के 5 इलाकों में गुरुवार को 4 घंटे इंटरनेट बंद रखा गया, असम में भी शुक्रवार सुबह 9 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा
बेंगलुरु में इतिहासकार रामचंद्र गुहा को हिरासत में लिया गया, दिल्ली में जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद भी हिरासत में
लखनऊ के हुसैनाबाद में बवाल के दौरान वकील नाम के युवक के पेट में गोली लगी, पुलिस सूत्रों ने बताया कि ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई
नई दिल्ली. नागरिकता कानून के विरोध में गुरुवार को वामदलों और मुस्लिम संगठनों ने देशभर में बंद बुलाया। 12 राज्यों में प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं हुईं। जिन राज्यों में प्रदर्शन हुए, उनमें 6 में भाजपा सत्ता में है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में थानों में आगजनी की गई। बस और गाडयि़ां भी फूंकी गई। यहां फायरिंग में एक की मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसने की। युवक का नाम वकील बताया जा रहा है। संभल में भी हिंसा हुई। उधर, दिल्ली-गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर जाम लगने के कारण क्रू मेंबर्स फंस गए, जिसके चलते इंडिगो को दिल्ली से 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। 16 फ्लाइट्स में देरी हुई। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में 70 से ज्यादा संगठनों ने कानून का विरोध किया। इसमें बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल हुए।
दिल्ली में 19 मेट्रो स्टेशन बंद करना पड़े
बिहार के पटना, दरभंगा समेत कुछ शहरों में माकपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक जाम किया। दिल्ली में धारा 144 के बावजूद प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित समेत कई लोग हिरासत में लिए गए। 19 मेट्रो स्टेशन बंद करने पड़े। बेंगलुरु में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इतिहासकार रामचंद्र गुहा को हिरासत में ले लिया। तेलंगाना के हैदराबाद में भी 50 लोग हिरासत में लिए गए। मंगलुरू पुलिस कमिश्नर पीएस हर्षा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान 20 लोग घायल हुए, जिनमें से 2 आईसीयू में भर्ती हैं।

राज्यों में हालात
पश्चिम बंगाल

कोलकाता में रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली में कहा- भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी। आज वो हमसे 1970 के नागरिकता दस्तावेज मांग रही है। निष्पक्ष संगठन जैसे युनाइटेड नेशंस या राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को नागरिकता संशोधन कानून मामले पर जनमत संग्रह करना चाहिए, ताकि यह पता लग सके कि कितने लोग इसके समर्थन में हैं और कितने इसके विरोध में।
उत्तर प्रदेश
संभल में प्रदर्शनकारियों ने एक बस को आग लगा दी। लखनऊ के ठाकुरगंज और हसनगंज में 6 जगहों पर हिंसा हुई। लखनऊ में मधेगंज चौकी के पास तीन बाइक फूंकी गईं। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
ठाकुरगंज की सतखंडा चौकी फूंक दी गई। और प्रेस क्लब के पास आगजनी की हुई। एक टीवी चैनल की ओबी वैन में भी आग लगा दी। लखनऊ के 22 मेट्रो स्टेशन बंद करा दिए गए।
हजरतगंज मेन चौराहे से लेकर पुराने लखनऊ तक की स?कों पर हजारों लोग पर उतर आए। पुलिस को उपद्रवियों को पीछे धकेलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 20 से ज्यादा और सपा के यूथ विंग के भी कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। एहतियातन 3 हजार लोगों को पाबंद किया गया है। 65 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
दिल्ली
लाल किला के आसपास धारा 144 लागू होने के बाद भी भारी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हुए। पुलिस ने जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। 19 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए।
पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण दिल्ली-गुडग़ांव एक्सप्रेसवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसमें कई एयरलाइंस के क्रू मेंबर्स फंस गए, जिसकी वजह से 16 उड़ानों में देरी हुई। इंडिगो को 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

Share this News...