यूपी चुनावः राहुल की मौजूदगी में सीएम कैंडिडेट पर बोली प्रियंका-“अब तो दिख रहा है ना मेरा चेहरा…”

यूपी चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व कर रहीं प्रियंका गांधी अगले चुनाव में कांग्रेस की ओर मुख्यमंत्री पद की दावेदार हो सकती हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कुछ ऐसा संकेत दिया है, जिससे इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। यूपी में सात चरणों में चुनाव होने हैं और कांग्रेस काफी समय बाद अपने दम पर इस चुनावी मैदान में उतरी हुई है।

यूपी कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों मौजूद थे। एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस ने अपना यूथ मैनिफेस्टो जारी किया है। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे पूछा कि पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? इस पर प्रियंका ने उल्टा सवाल दाग दिया कि आप कोई और चेहरा देख रहे हैं क्या? प्रियंका का जवाब अपने आप में यह इशारा है कि पार्टी का सीएम चेहरा वही होंगी।
मेनिफेस्टो जारी करते वक्त प्रियंका के साथ राहुल गांधी भी मौजूद थे। दोनों ने UP चुनाव के लिए भर्ती विधान का अनावरण किया है। प्रियंका ने कहा कि युवाओं से बात करके ही ये भर्ती विधान तैयार किया है। हम UP में हम 20 लाख नौकरियां देंगे। इसमें 8 लाख महिलाओं के लिए होंगे। हमने विधान में ये भी बताया है कि ये कैसे करेंगे। 12 लाख पद तो अभी भी खाली हैं। हम जॉब कैलेंडर बनाएंगे और इसका कड़ाई से पालन कराएंगे। भर्ती परीक्षाओं के लिए फीस नहीं लगेगी। परीक्षा देने के लिए ट्रेन और बस यात्रा भी मुफ्त होगी।
युवा इस बात से परेशान हैं कि परीक्षाएं लीक हो रही हैं। युवा दुखी है। हमारी सरकार आएगी तो हम ये वादे पूरे करेंगे। हम सकारात्मक प्रचार कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि विकास की बात हो। युवाओं के भविष्य की बात हो। विधान में हमने ये भी बताया है कि युवा कैसे अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। युवाओं की समस्याओं को हमने इसमें एड्रेस किया है। UP में 7 करोड़ युवाओं की आकांक्षाओं का ये दस्तावेज है।

Share this News...