भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का निधन, जमशेदपुर में शोक की लहर

दो दिन पहले ही परिवार के साथ मनाया था जन्मदिन, हंसमुख स्वभाव के कारण ‘बाबा’ के नाम से थे लोकप्रिय

जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आया था. विधायक निधि से होने वाले शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले चंद्रशेखर मिश्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चंद्रशेखर मिश्रा के निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई. मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के धनी चंद्रशेखर मिश्रा को लोग प्यार और सम्मान से ‘बाबा’ कहकर पुकारते थे. अपने सहज व्यवहार और सभी से आत्मीय संबंधों के कारण वे लोगों के बीच खासे लोकप्रिय थे.
उनके निधन की खबर इसलिए भी भावुक करने वाली है, क्योंकि महज दो दिन पहले ही उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ अपना जन्मदिन मनाया था. इस अवसर की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद उनके निधन की दुखद खबर सामने आएगी. चंद्रशेखर मिश्रा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के भी काफी करीबी माने जाते थे. भाजपा संगठन में महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने पार्टी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है.

Share this News...