जमशेदपुर। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL) ने ट्रेड अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग-2026 के लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित ऑनलाइन लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से 22 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
अप्रेंटिसशिप के लिए TSUISL के वर्तमान या पूर्व कर्मचारियों के बेटा-बेटी आवेदन कर सकते हैं। कर्मचारी का बेटा नहीं होने की स्थिति में दामाद, बहू अथवा वर्तमान कर्मचारी के पति-पत्नी को भी निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन का अवसर दिया गया है। इसके अलावा 25 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अथवा निर्धारित सेवा शर्तों को पूरा करने वाले प्रायोजित वर्तमान/पूर्व कर्मचारियों के आश्रितों के लिए भी विशेष श्रेणी रखी गई है।
10वीं पास होना जरूरी: उम्मीदवार के लिए अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषयों के साथ मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य श्रेणी के बेटा-बेटी उम्मीदवारों का जन्म 1 सितंबर 2004 से 1 सितंबर 2008 के बीच होना चाहिए। एससी/एसटी श्रेणी में जन्मतिथि की सीमा 1 सितंबर 2002 से 1 सितंबर 2008 है। दामाद, पत्नी या पति के लिए सामान्य श्रेणी में जन्मतिथि 1 सितंबर 2001 से 1 सितंबर 2008 तथा एससी/एसटी श्रेणी में 1 सितंबर 1999 से 1 सितंबर 2008 निर्धारित है। विशेष श्रेणी के आश्रितों के लिए जन्मतिथि 1 सितंबर 1996 से 1 सितंबर 2008 के बीच होनी चाहिए।
अभ्यर्थियों की आंखों की दृष्टि चश्मे के साथ 6/6 होनी चाहिए। चश्मे की पावर अधिकतम ±4.0 तथा कलर विजन सामान्य होना आवश्यक है।
दो वर्ष की होगी ट्रेनिंग
चयनित अभ्यर्थियों को एसएनटीआई में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें अप्रेंटिस एक्ट के प्रावधानों के तहत मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेड का आवंटन इंटरव्यू तथा मैट्रिक में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि दो वर्ष होगी। ट्रेनिंग और ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (AITT) सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद कंपनी की आवश्यकता के अनुसार नियुक्ति का अवसर मिल सकता है।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित ऑनलाइन लिंक अथवा विज्ञापन में दिए गए QR कोड को स्कैन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026 है।
