टाटा स्टील में कर्मचारियों के लिए बस सुविधा शुरू, टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव के बाद कंपनी में लागू हो जाएगी दो पहिया वाहनों की नो एंट्री

 

जमशेदपुर। टाटा स्टील के वर्क्स सर्विसेज ऑफिस (डब्ल्यूएसओ) के करीब 400 कर्मचारियों के लिए बस की सुविधा शुरू हो गई. माना जा रहा है कि यह ट्रायल के रूप में है. वहीं टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव के बाद पूरी तरह से कंपनी परिसर में कर्मचारियों के लिए बसों की सुविधाएं शुरू हो जाएंगी. इसके साथ कर्मचारियों के दोपहिया वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक लग जाएगी. फिलहाल चुनाव तक व्यवस्था को टाला जा रहा.
गुरुवार की सुबह जेएनएसी कार्यालय के पास बने टाटा स्टील के डब्ल्यूएसओ के पास से कर्मचारियों के लिए बस की सुविधाएं शुरू हो गई.कर्मचारियों के लिए नई बस दी गई है जिसका उद्घाटन कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट सेफ्टी राजीव मंगल, टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसीडेंट शैलेश सिंह व असिस्टेंट सेक्रेट्री एस आलम ने किया. नई बस नॉन एसी व डीजल इंजन की है. टाटा स्टील के डब्ल्यूएसओ में मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल के करीब 400 कर्मचारी हैं जो टाटा स्टील परिसर में किसी मेजर शटडाउन होने पर काम के लिए जाते हैं. इसके लिए 40-45 कर्मचारी एक साथ जाते हैं. करीब 400 कर्मचारियों की ए, बी व नाइट शिफ्ट के अलावा जनरल शिफ्ट में ड्यूटी लगायी जाती. अब तक शटडाउन के कार्यों के लिए कर्मचारी डीजी व्हीलर या अपने दोपहिया वाहन से जाते थे.
बताया जाता है कि जेडीसी की मीटिंग में कमेटी सदस्यों ने इन कर्मचायिों के बस की सुविधा की मांग की थी. वहीं अब इन कर्मचारियों के लिए बसों की सुविधा शुरू होने के बाद यह चर्चा है कि कंपनी प्रबंधन ने ट्रायल के रूप बहाल किया है. वहीं अब कर्मचारियों के बीच चर्चा है कि फिलहाल चुनाव तक बस की सुविधा को लागू कराने को टाला जा रहा है जैसे ही चुनाव होगा प्रबंधन कर्मचारियों के दोपहिया वाहनों की एंट्री को बंद कर बस की सुविधा शुरू कर देगी. यूनियन का चुनाव जनवरी के अंतिम सप्ताह में हो जाएगा ऐसे में फरवरी या मार्च तक कर्मचारियों के दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी.

Share this News...