रांचीः झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद अब उसकी पत्नी रिया सिन्हा एक बार फिर चर्चा में है. रिया फिलहाल झारखंड के चाईबासा जेल में बंद है. रिया सिन्हा पर प्रिंस खान के साथ मिलकर काम कर रही थी, इसी मामले में उसे रांची पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया था.
सुजीत सिन्हा की पत्नी भी खतरनाक!
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुजीत सिन्हा पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, आपराधिक साजिश और अन्य गंभीर धाराओं के 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. इनमें सबसे अधिक मामले पलामू जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं. उसके खिलाफ पलामू, लातेहार, रांची, चतरा, हजारीबाग सहित कई जिलों में हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े 60 से अधिक मामले दर्ज थे.
वहीं सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा पर भी करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस जांच में सामने आया था कि रिया केवल गैंगस्टर की पत्नी भर नहीं थी, बल्कि वह सुजीत सिन्हा और धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम कर रही थी. इसी आरोप में रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था.
प्रिंस खान गिरोह से थी साठगांठ
रांची पुलिस ने अक्टूबर 2025 में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े कई अपराधियों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने खुलासा किया कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह आपस में मिलकर काम कर रहे थे. दोनों गिरोहों के बीच संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी रिया सिन्हा निभा रही थी.
रिया के माध्यम से दोनों गिरोहों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान, हथियारों की व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों के समन्वय का काम किया जाता था. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
हथियार तस्करी और आपराधिक गतिविधियों का आरोप
रिया सिन्हा पर हथियार तस्करी, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप लगाए गए थे. पुलिस का दावा था कि वह गिरोह के सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ विभिन्न जिलों में आपराधिक नेटवर्क को मजबूत करने में भी भूमिका निभा रही थी. जांच में यह भी सामने आया था कि प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गिरोह रंगदारी, हथियारों की आपूर्ति और अन्य संगठित अपराधों में एक-दूसरे का सहयोग कर रहे थे. रिया इस गठजोड़ की महत्वपूर्ण कड़ी मानी गई.
जेल में था सुजीत, विदेश से प्रिंस खान चला रहा था गैंग
रांची पुलिस की जांच के अनुसार सुजीत सिन्हा जेल में बंद था, जबकि कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान विदेश में रहकर अपने गिरोह का संचालन कर रहा था. पुलिस का दावा है कि जेल के बाहर पूरे नेटवर्क की कमान सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा ने संभाल रखी थी.
