अखिलेश सिंह की ‘ एलीबाई ‘ … जिस दिन साकची जेलर की हत्या हुई उस दिन वह पाकेटमारी के मामले में चंदौली में बंद था सर्वोच्च न्यायालय में आजीवन कारावास रद्द करने की अपील में दिलचस्प मोड़

जमशेदपुर, 20 नवंबर . संवाददाता साकची जेल के जेलर उमाशंकर पाण्डेय की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा को रद्द करने के लिये सजायाप्ता कैदी अखिलेश सिंह द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में जो अपील दायर की गई है उसमें एक दिलचस्प एलिबाई(सफाई अथवा बहाना) को मंजूर कर विचार करने का आवेदन दिया गया है। अखिलेश सिंह द्वारा कहा गया है कि जिस दिन अर्थात् 12 मार्च 2002 को जेलर उमाशंकर पाण्डेय की हत्या हुई उस दिन वह चकिया थाना ,चंदौली जिला (यूपी) में दर्ज पाकेटमारी के प्रयास के एक मामले में वहां हिरासत में था। उसके विरुद्ध मुकदमा संख्या 53/2002 सी आर पी सी 41/109 के तहत दर्ज पाकेटमारी के मामले में की गई थी। गत सात मार्च 2002 से लेकर 15 मार्च 2002 तक हिरासत में रहा। सात मार्च को उसे गिरफ्तार किया गया और परगना मजिस्ट्रेट द्वारा 20-20 हजार के दो बेल बांड पर उसे उसी दिन रिहा करने का आदेश दे दिया गया था लेकिन जमानतदार प्रस्तुत नहीं करने के कारण उसकी रिहाई नहीं हो पाई। अंतत:15 मार्च को बेल बांड और जमानतदार की कार्रवाई पूरी करने पर उसकी रिहाई हुई। एक तो अखिलेश सिंह का पाकेटमारी के जुर्म में जेल और उसे 20-20 हजार के दो जमानतदार नहीं मिलने का तर्क इस मामले में दिलचस्पी पैदा किये हुए है। अखिलेश सिंह का मूल गांव जगवा थाना सेमरी, बक्सर है। बहस का विषय यह भी है कि क्या अखिलेश सिंह या कोई भी बेलर के अभाव में सप्ताह दिन यूं ही जेल में रह सकता था क्या ? क्या अखिलेश सिंह ब्लेड लेकर पाकेटमारी कर सकता था ?
अभियोजन पक्ष सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इस एलिबाई को नामंजूर करने के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है, तथापि जिला अभियोजन, खास कर एस एस पी अखिलेश के इस एलीबाई के आवेदन को रद्द कराने के लिए लगातार अपने अधिवक्ताओं से संपर्क बनाए हुए हैं। अभियोजन अपीलकर्ता की इस प्रार्थना पर कानूनी तैयारियां कर रहा है ।
उल्लेखनीय है, जेलर हत्याकांड 12 मार्च को साकची जेल परिसर में हुआ, दो जनवरी 2006 को भा दं सं 302 के तहत अखिलेश सिंह को आजीवन कारावास और शस्त्र अधिनियम 27 के मामले में तीन साल के कठोर कारावास की सजा साथ -साथ सुनाई गई थी। पूरी सुनवाई में बचाव पक्ष द्वारा कहीं भी निचली अदालत को यह एलिबाई नहीं दिया गया। इसके बाद उच्च न्यायालय में अखिलेश सिंह द्वारा सजा के विरुद्ध अपील की गई। उच्च न्यायालय में भी इस एलिबाई की चर्चा कहीं नहीं हुई, न ही उसे पेश किया गया। अलबत्ता अपीलकर्ता ने कहा है कि उसने चंदौली के पाकेटमारी वाले मामले में उस अवधि में हिरासत संबंधी साक्ष्य अपने वकील को दिया, लेकिन पता नहीं किस कारण से वकील ने इसे पेश नहीं किया।उच्च न्यायालय ने एक मई 2019 को निचली कोर्ट की सजा को पुख्ता करते हुए उसे ताजिंदगी (बाइलोजिकल डेथ तक) कारावास में बदल दिया । उच्च न्यायालय के आदेश पत्र में स्पष्ट लिखा गया है कि कोई नया साक्ष्य पेश नहीं किया गया। अखिलेश सिंह हाई कोर्ट के इसी आदेश के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय में अपील संख्या 788..2021 लेकर गया है। एलिबाई के कागजात स्वीकार करने के लिये आईएलए इसी साल 11 अक्टूबर को दिया गया है, जबकि अपील बहुत पहले दायर की जा चुकी है।चकिया थाना, चंदौली में अखिलेश सिंह की गिरफ्तारी की विवरण कथा भी काफी दिलचस्प है कि वह 7 मार्च ,2002 को किस प्रकार ब्लेड का अध कट्टी एक हाथ की अंगुली में और दूसरा अध कट्टी जेब में लेकर एक बस के यात्रियों की जेब पर हाथ फेरते चकिया थाना के एस एच ओ जे पी सिंह द्वारा पकड़ा गया था।

Share this News...