चांडिल में 30वें श्री श्याम जन्मोत्सव में भजनों पर खूब झूमे श्रद्धालु

अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया श्याम महोत्सव का शुभारंभ

महोत्सव को लेकर श्री श्याम दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया था

चांडिल : चांडिल के धार्मिक संस्था श्री श्याम कला भवन की ओर से शुक्रवार को 30वें श्री श्याम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी की अगुवाई में किया गया। जन्मोत्सव को लेकर पूरे चांडिल बाजार क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। देवउठनी एकादशी के शुभ अवसर पर चांडिल मठिया गली स्थित चौधरी बागान में आयोजित भजन संध्या में देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा नेता हरेलाल महतो, महंत इंद्रानंद सरस्वती, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, खगेन महतो एवं समाजसेवी सपन गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रद्धालुओं को श्री श्याम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति समाज को प्रेम, सद्भाव एवं एकता के सूत्र में बांधती है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। श्री श्याम कला भवन के पदाधिकारियों ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। जन्मोत्सव के अवसर पर हरियाणा के फतेहाबाद से पहुंचीं भजन गायिका मोना मेहता, कानपुर के अभिषेक शुक्ला एवं खुशी शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन गायकों की प्रस्तुति पर भक्त देर रात तक झूमते रहे। वहीं, दिल्ली के चिराग डांस ग्रुप ने आकर्षक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महोत्सव को लेकर श्री श्याम दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाबा श्याम के भव्य श्रृंगार एवं दरबार की सजावट श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर भाजपा नेता पप्पू वर्मा, समाजसेवी सपन कुमार गुप्ता, इंद्रजीत गुप्ता, जितेंद्र सिंह, अनिता पारित, महोत्सव प्रभारी कुसुम खैतान, विशाल चौधरी, कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व अध्यक्ष दुर्गा चौधरी, राजीव साव, परमानंद पसारी सहित काफी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित थे।

Share this News...