कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का काम तमाम, शिफ्टिंग के दौरान एनकाउंटर में मारा गया

झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का जामताड़ा में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है. जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद देर रात तक पुलिस टीम की कार्रवाई चलती रही. जमताड़ा एसपी के अनुसार गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को साहिबगंड से धनबाद जेल शिफ्ट करने के दौरान घटना घटी है.

झारखंड के कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा को रविवार देर रात 8 से 9 बजे के करीब साहिबगंज पुलिस द्वारा साहिबगंज मॉडल कारा से धनबाद मंडल कारा शिफ्ट करने के लिए ले जाया जा रहा था.

इस दौरान रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था.

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की. इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमे सुजीत मारा गया. साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने की पुस्टि की है.

जेल शिफ्टिंग का जारी हुआ था आदेश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी सुजीत सिन्हा की जेल शिफ्टिंग का आदेश जारी होने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था. जामताड़ा के रास्ते में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया. इसके बाद सुरक्षा बल उसे दूसरी गाड़ी में बैठाने की प्रक्रिया में जुटे थे. इसी बीच सुजीत सिन्हा ने एक जवान की सर्विस राइफल छीनने में सफलता हासिल कर ली और पुलिस पर गोली चलाने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने तत्काल जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह मारा गया.

कुख्यात अपराधी था सुजीत सिन्हा

सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे कुख्यात अपराधियों में गिना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज थे. जेल में बंद रहने के बावजूद वह अपने गैंग का संचालन कर रहा था और रंगदारी व आपराधिक गतिविधियों को जेल के भीतर से ही निर्देशित कर रहा था.

सुजीत सिन्हा के नेटवर्क का प्रभाव धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची और आसपास के कई जिलों तक फैला हुआ था. लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि सुजीत सिन्हा जेल से मोबाइल और अपने गुर्गों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है. इसी कारण सुरक्षा कारणों और प्रशासनिक निर्णय के तहत उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल स्थानांतरित किया जा रहा था.

Share this News...