धनबाद शहर का भ्रमण कर रहा ग्लाइडर क्रैश, पायलट सहित दो बुरी तरह घायल

धनबाद शहर के आसमान से कोयलांचल का हवाई भ्रमण कराने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना गुरुवार की शाम ध्वस्त हो गई। दरअसल बरवाअड्डा हवाई पट्टी से उड़ान भरकर एक ग्लाइडर शहर के ऊपर भ्रमण कर रहा था। उसी दौरान किसी तकनीकी खराबी के कारण ग्लाइडर अनियंत्रित होकर बिरसा मुंडा पार्क के समीप नीलेश कुमार के घर पर जा गिरा।

हादसे में ग्लाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस दौरान ग्लाइडर पर सवार उसका पायलट और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई है। जिसे नियंत्रित करने में पुलिस जुटी हुई है।

मालूम हो कि पिछले कुछ समय से ग्लाइडर के द्वारा धनबाद शहर का हवाई भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को किसी तकनीकी खराबी के कारण धनबाद शहर के आसमान में हवाई उड़ान भर रहा ग्लाइडर अचानक अनियंत्रित होकर बरवाअड्डा हवाई अड्डे से करीब 1 किलोमीटर दूर जाकर क्रैश हो गया।

Share this News...