टेंट में बैठीं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, सरकारी आवास खाली कराने की कार्रवाई को बताया गलत

रांची:कांग्रेस की पूर्व विधायक और AICC की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद का सरकारी आवास खाली कराए जाने के मामले को कांग्रेस मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास लेकर जाएगी. आज सेवा विमान से रांची पहुंचने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू एयरपोर्ट से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो सहित अन्य कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ धुर्वा के सेक्टर नंबर तीन में मौजूद सरकारी आवास F/44 पहुंचे.

कांग्रेस मजबूती से अंबा प्रसाद के साथ खड़ीः के. राजू

प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने आवास के बाहर सड़क पर लिट्टी-चोखा बना कर खिलाया. प्रदेश प्रभारी के. राजू ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ अंबा प्रसाद के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पार्टी सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन के समक्ष उठाएगी. उनका मानना है कि अंबा प्रसाद के साथ जो कुछ हुआ, उसे ठीक किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे त्योहार के दिन कांग्रेस की एक पूर्व विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने का निर्णय

झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कई पक्ष-विपक्ष के नेता और पूर्व विधायक सरकारी आवास में रह रहे हैं. ऐसे में केवल एक व्यक्ति को निशाना बनाना ठीक नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अंबा प्रसाद को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है? प्रदेश प्रभारी ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और उन्हें स्थिति से अवगत कराएंगे.

वहीं, कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने पर आभार जताया. उन्होंने कहा कि मां समान रमा खलखो उनसे मिलने आईं थीं. उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी पहुंचे. इन नेताओं के आने से उन्हें काफी बल मिला है.

ये भी पढ़ें-

Share this News...