स्वच्छता सर्वेक्षण में जमशेदपुर शहर को झारखंड में पहला स्थान, लेकिन मानगो में कचरे का अंबार,दस दिनों से कई कॉलोनियों में नहीं उठ रहा कचरा


रिहायशी इलाकों की सुध लेने वाला कोई नहीं

जमशेदपुर शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में झारखंड में पहला स्थान हासिल हुआ है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। शहर से सटे मानगो नगर निगम क्षेत्र की दुर्दशा देखकर स्वच्छता के तमाम दावों पर सवाल खड़े होते हैं। विडंबना देखिए कि दीपावली पर जहां लोग अपने घरों की साफ-सफाई में जुटे थे, वहीं मानगो के विभिन्न इलाकों में कचरे का अंबार लगा हुआ था। अब छठ का पावन पर्व कल से शुरू होने जा रहा है, लेकिन जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे का ढेर पर्व की शुद्धता और पवित्रता के आयोजन में बड़ी बाधा बन रहा है।

मानगो की कई रिहायशी कॉलोनियों में पिछले दस दिनों से कचरे का उठाव नहीं हुआ है। इसके कारण सड़कों और खाली स्थानों पर कचरा जमा हो गया है। इससे न केवल लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्गंध और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। डिमना रोड स्थित विजय ग्रीन अर्थ कॉलोनी में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। आज कॉलोनी के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी समस्याओं को लेकर मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचा। वहां उन्हें सफाई कराने का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन इसके बावजूद सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी।
दरअसल, जब मानगो नगर निगम का गठन हुआ था, तब लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन समय के साथ हालात सुधरने के बजाय और बदतर होते चले गए। नगर निगम के गठन के बाद सफाई का ठेका संभालने वाली एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इसके छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो किसी नई एजेंसी को सफाई का जिम्मा सौंपा गया और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था खड़ी की गई। नतीजा यह है कि मानगो की पूरी सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।
पूरे बरसात के मौसम में मानगो के लोगों को गंदगी, जलजमाव और बजबजाती नालियों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ा। अब पर्व-त्योहारों का सिलसिला चल रहा है, लेकिन नगर निगम की कार्यशैली में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि छठ घाटों की सफाई को लेकर प्रशासनिक सक्रियता दिखाई दे रही है, लेकिन मानगो का बड़ा रिहायशी इलाका कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है।
सवाल यह है कि क्या स्वच्छता का मतलब केवल सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करना और चुनिंदा स्थानों की सफाई तक सीमित रह गया है? यदि शहर को स्वच्छता में अव्वल होने का गौरव हासिल है तो उसके आसपास के नगर निगम क्षेत्र में ऐसी बदहाली क्यों है? स्वच्छता सर्वेक्षण में मिलने वाला सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उसका असर आम नागरिकों के जीवन में भी दिखाई दे। मानगो के लोगों को आश्वासन नहीं, नियमित कचरा उठाव और साफ-सफाई की स्थायी व्यवस्था चाहिए। छठ जैसे पवित्र पर्व के अवसर पर नगर निगम को कम से कम इतनी जिम्मेदारी तो निभानी ही चाहिए।

Share this News...