टेल्को रिंग रोड पर स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को कार ने मारी टक्कर, आठ बच्चे घायल

गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी थे ऑटो में सवार, हादसे के बाद कार चालक फरार

जमशेदपुर : टेल्को रिंग रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस सड़क हादसे में ऑटो में सवार आठ बच्चे घायल हो गए. सभी घायल बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (संख्या JH05DJ-3955) काफी तेज रफ्तार में थी और उसे एक महिला चला रही थी. रिंग रोड के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सामने से जा रहे पैसेंजर ऑटो (संख्या JH05Z-3841) को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार बच्चे घायल हो गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गई. घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इधर, घटना की सूचना टेल्को थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. हादसे के कारणों और कार चालक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है. घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों से स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Share this News...