झारखंड में बर्ड फ्लू की दस्तक, राज्य सरकार को केन्द्र का निर्देश

सभी जिलों के साथ- साथ पड़ोसी राज्य में भी अलर्ट
रांची,24 फरवरी: त्योहारी सीजन में मटन, चिकन की बिक्री बढ़ जाती है। होली नजदीक है ऐसे में झारखंड में एक बड़ा खतरा दस्तक दे रहा है। बोकारो में बर्ड फ्लू की दस्तक अपने साथ एक बड़ी चेतावनी लेकर आयी है। इसके बढ़ते खतरे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि केन्द्र सरकार ने गुरुवार को संक्रमण को रोकने में राज्य सरकार की मदद के लिए दो अलग-अलग केंद्रीय दल की टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। आईसीएआर लैब, भोपाल द्वारा बोकारो के फार्म से भेजे गए सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी जिसके बाद केंद्र और राज्य ने इसे गंभीरता से लिया है।
नॉनवेज खाने से बचें: बर्ड फ्लू का खतरा राज्य के दूसरे जिलों में भी फैल सकता है, इसलिए सतर्क किया गया है कि अभी मुर्गा, मुर्गी और बत्तख के सेवन से बचना चाहिए। बर्ड फ्लू की खबर का असर भी मांसाहार की दुकानों पर दिखने लगा है। राजधानी रांची के अलावा राज्य के कई जिलों में इसकी बिक्री पर असर पड़ रहा है।
अभियान तेज करने का आदेश: केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की ओर से इसके नियंत्रण के लिए खास जिम्मेदारी दी गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इंसानों में निगरानी के अवलोकन के लिए एक अलग केंद्रीय टीम भी तैनात की है। दोनों टीम इसके बढ़ते खतरे पर नजर रखेगी और इसके रोकथाम पर काम करेगी। केंद्र ने झारखंड सरकार को ह्यएवियन इन्फ्लुएंजाö (2021) को नियंत्रित करने और रोकथाम अभियान को तेज करने की सलाह दी है।
मछली और मटन की बिक्री बढ़ी: बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए मछली और मटन की बिक्री बढऩे लगी है। दूसरी तरफ केंद्र ने राज्य सरकार से कहा है कि वह पीपीई किट और अन्य सामानों का पर्याप्त स्टॉक रखे। इसके साथ ही आसपास के दूसरे राज्यों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share this News...