कोलकाताः नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ धर्मतला में प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में कोलकाता पुलिस ने अबतक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस सूत्रों से पता चला है कि दो आरोपी राज्य से भागने की फिराक में थे. उन्हें दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के पास रोक लिया गया. इस घटना के संबंध में शनिवार को 11 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था.
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि घटना में शामिल होने के संदेह में अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने नए गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करया थाना क्षेत्र के शाहबाज खान (34), राजाबागान क्षेत्र के शेख मोहम्मद सलमान हुसैन (29) और भांगड़ क्षेत्र के मोहम्मद जहीरुद्दीन मोल्ला (32) के रूप में की है.
पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से कोई भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का सदस्य नहीं है. सूत्रों के मुताबिक ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने कोलकाता पुलिस को एक ईमेल भेजकर स्पष्ट किया है कि धर्मतला हमले और तोड़फोड़ में शामिल कोई भी आरोपी पार्टी या उसकी गतिविधियों से जुड़ा नहीं है.
नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ दिल्ली से शुरू हुआ छात्र विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को कोलकाता में और तेज हो गया. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान धर्मतला में पत्रकारों पर हुए हमले की घटना ने बड़ा तूल पकड़ लिया. आरोप लगे कि विरोध की आड़ में मीडिया प्रतिनिधियों को जानबूझकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. इस घटना के बाद धर्मतला इलाके में तनाव बढ़ गया और कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
पत्रकारों पर हमले के अलावा, इलाके में अशांति भड़काने, पुलिसकर्मियों को उनके काम में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों पर हमले के आरोप भी सामने आए हैं. पुलिस ने इन सभी आरोपों की जांच तेज कर दी है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के संबंध में अब तक कुल छह एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. हर मामले की अलग-अलग जांच चल रही है. सीसीटीवी फुटेज, मीडिया वीडियो, मोबाइल फोन फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
