कक्षा 12 तक की पढ़ाई स्थगित
जमशेदपुर, 27 अक्टूबर (रिपोर्टर) : चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में 28 एवं 29 अक्टूबर को पठन-पाठन स्थगित रखने का आदेश जारी किया है. यह आदेश प्रवेश कक्षा से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा. जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान में झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात और भारी बारिश की आशंका जताते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. जिले को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है. जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है.
प्रशासन के निर्देशानुसार, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, उनके आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है. हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित तिथियों पर विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया है. इसके तहत जिले के सभी श्रेणी के विद्यालयों में निर्धारित दोनों दिनों तक विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहेगी.
