रांची : स्वास्थ्य मंत्रालय स्वास्थ्य मंत्री को स्वास्थ्यकर्मी नहीं मानता, इसलिए कोरोना टीकाकरण अभियान के पहले दिन झारखंड में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को पहला टीका नहीं लगा। बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग को मेल कर लिखा था कि स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्यय कर्मी होते हैं। इसलिए उन्हें पहला टीका लगना चाहिए। लेकिन उन्हें अनुमति नहीं मिली। बन्ना गुप्ता टीका लगवाने के लिए शनिवार सुबह टीका केंद्र पर पहुंचे थे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को टीका लग जाता तब सभी स्वास्थय मंत्री को भी लग जाता। बन्ना गुप्ता ने कहा कि हेल्थ मिनिस्ट्री हेल्थ मिनिस्टर को स्वास्थ्यकर्मी नहीं मानता है।
सदर अस्पताल की सफाईकर्मी को लगा झारखंड का पहला टीका: रांची सदर अस्पताल की महिला सफाईकर्मी मरियम गुडिय़ा को पहला टीका लगा। अस्पताल में टीकाकरण अभियान की शुरुआत करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां पहुंचे थे। टीकाकरण केंद्र को गुब्बारों से सजाया गया था। साथ ही अंदर किसी को जाने की अनुमति नहीं थी। टीकाकरण अभियान के दौरान कोरोना से बचाव के लिए सभी गाइडलाइन का पालन भी किया गया।