जमशेदपुर, 21 जुलाई 2026। टाटा स्टील ने एथिक्स मंथ 2026 के तहत जमशेदपुर के संपादकों एवं पत्रकारों के साथ “One Code, One Commitment: Unified by the Code” विषय पर मीडिया एंगेजमेंट सेशन का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग ने एथिक्स विभाग और टीएसयूआईएसएल के सहयोग से किया।
हर वर्ष जुलाई माह में जे.आर.डी. टाटा की जयंती के उपलक्ष्य में टाटा स्टील एथिक्स मंथ मनाती है। इस वर्ष की थीम संगठन और उससे जुड़े सभी हितधारकों के लिए एक समान आचार संहिता के पालन तथा नैतिकता, निष्पक्षता और ईमानदारी के मूल्यों को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रही।
कार्यक्रम में टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर मुख्य अतिथि तथा टाटा स्टील की मुख्य एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में अतुल भटनागर ने कहा कि विश्वास और विश्वसनीयता कायम रखने के लिए नैतिक आचरण तथा जिम्मेदार संवाद अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि मूल्यों पर आधारित कार्यशैली ही हितधारकों के साथ मजबूत संबंधों की आधारशिला है।
सोनी सिन्हा ने कहा कि नैतिकता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक साझा प्रतिबद्धता है, जो निर्णय लेने की प्रक्रिया को दिशा देती है और संगठनात्मक संस्कृति को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील की आचार संहिता पूरे संगठन के लिए जिम्मेदार और पारदर्शी कार्य संस्कृति का साझा आधार है।
इस अवसर पर चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय ने मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।आयोजन में टाटा स्टील कारपोरेट कम्युनिकेसंस चीफ सर्वेश सिन्हा, कारपोरेट कम्युनिकेसंस हेड राजेश राजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकारों के समक्ष आने वाली नैतिक दुविधाओं पर संवाद से हुई। इसके बाद आयोजित ‘एथिक्स क्विज फॉर मीडिया’ में प्रतिभागियों के नैतिक मूल्यों, समसामयिक घटनाओं और जिम्मेदार पत्रकारिता संबंधी ज्ञान का परीक्षण किया गया।
एथिक्स क्विज के विजेता इस प्रकार रहे—
प्रथम पुरस्कार: परविंदर भाटिया
द्वितीय पुरस्कार: अंजनी कुमार पांडेय
तृतीय पुरस्कार: मनप्रीत सिंह भाटिया
कार्यक्रम के माध्यम से टाटा स्टील ने मीडिया जगत के साथ सार्थक संवाद, सहयोग और साझा मूल्यों के आधार पर अपने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा नैतिक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतियोगिता में शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एथिक्स क्विज में टाटा समूह के इतिहास, टाटा कोड ऑफ कंडक्ट, कॉर्पोरेट एथिक्स, बिजनेस इंटीग्रिटी, मीडिया एथिक्स, पत्रकारिता के मानदंडों तथा मीडिया जगत से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने नैतिक सिद्धांतों और समकालीन मीडिया विषयों पर अपने उत्कृष्ट ज्ञान का परिचय दिया।
पूरी प्रतियोगिता का सफल संचालन निभा शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन मीडिया और कॉर्पोरेट जगत के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
