*सांसद से तनातनी — 14* *महिला ने उद्योग मंत्री से लगाई गुहार , सरयू राय को भी भेजी अर्जी*

जमशेदपुर,9 सितम्बर । आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के तीसरे चरण में औद्योगिक भूखंड के आवंटन और उसके कब्जे को लेकर मामला दिन प्रति दिन गहराता जा रहा है। टाटानगर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक ने झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव , विधायक सरयू राय, पूर्व विधायक एवं झामुमो नेता कुणाल सारंगी को पत्र भेजकर कंपनी को आवंटित औद्योगिक भूखंड पर कब्जा दिलाने में सहयोग की मांग की है।

उद्योग मंत्री को दिए आवेदन के अनुसार कंपनी को वर्ष 2006 में 30,000 वर्गफुट क्षेत्रफल का B-50(P) और B-51(P) भूखंड आवंटित किया गया था। आवेदन में कहा गया है कि कंपनी वहां अपना उद्योग शुरू करना चाहती थी, लेकिन अब आयडा की ओर से भूखंड का कब्जा नहीं दिया गया।

बाउंड्री बनाने पहुंचने पर उन्हें प्रायोजित विरोध झेलना पड़ता है जो सफेदपोश उद्योग माफिया द्वारा कराया जाता है। पत्र में उस माफिया के नाम का भी महिला उद्यमी ने उल्लेख किया है। औद्योगिक क्षेत्र में पहली बार कोई उद्यमी उस माफिया के सामने खुल कर आयी है।

आवेदन में निदेशक उषा रानी ने आरोप लगाया है कि माफिया ने अपनी फाउंड्री के नाम पर कंपनी की जमीन के चारों ओर पौधारोपण कर दिया है। किनारे किनारे नाला काट दिया है जिससे गंदा पानी बह रहा होता है।

कंपनी की निदेशक ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्हें कई बार उस जमीन पर नहीं जाने की धमकी दी गई। उन्होंने उद्योग मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर कंपनी को उसके आवंटित भूखंड का कब्जा दिलाने तथा सहयोग करने का अनुरोध किया है।
यह सफेदपोश दावा करता है कि उसका कोई बाल बांका नहीं कर सकता। उल्लेखनीय है संघ में ऊपर से नीचे तक उसके द्वारा फंडिंग का दावा उसकी बड़ी ताकत बताई जाती है। इधर सांसद से गठजोड़ टूटने पर लोग उसके विरुद्ध बोलने लगे हैं । महिला उद्यमी ने खुल कर सामने आने की मिसाल पेश की है।

Share this News...