‘आरक्षण खैरात नहीं, संवैधानिक अधिकार’, चिराग पासवान ने भरी हुंकार- कोई इसे खत्म नहीं कर सकता

पटना: लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि जाति-आधारित आरक्षण को खत्म नहीं किया जा सकता क्योंकि यह एक संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने यह बात ऐसे समय कही जब विपक्ष ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी पार्टी आरक्षण खत्म करने के लिए संविधान में संशोधन करना चाहती है। चिराग पासवान ने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विपक्ष हर चीज में राजनीति देखते हैं। आखिर, क्या संघ, भाजपा और हमारी पार्टी सभी एनडीए का हिस्सा नहीं हैं? क्या आरक्षण कोई ऐसी चीज है, जिसे सिर्फ इसलिए खत्म किया जा सकता है, क्योंकि कोई ऐसा कहता है? यह एक संवैधानिक अधिकार है।

आरक्षण खैरात नहीं, संवैधानिक अधिकार: चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आरक्षण किसी को दी जाने वाली खैरात नहीं है, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है। और जब तक राम विलास पासवान का बेटा मोदी सरकार का हिस्सा है, आरक्षण को दुनिया की कोई भी ताकत कभी खत्म नहीं कर सकती। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जो लोग समीक्षा या सुधार के नाम पर आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं, वे शायद यह भी नहीं समझते कि आरक्षण क्यों जरूरी है।

दलित नेताओं के मंदिर जाने के बाद गंगाजल से परिसर को शुद्ध किया जाता: केंद्रीय मंत्री

चिराग पासवान ने कहा कि आज भी सामाजिक भेदभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। दलित दूल्हे को घोड़ी चढ़ने से रोका जाता है, दलित युवक की बारात रोक दी जाती है और कई जगहों पर दलित नेताओं के मंदिर जाने के बाद परिसर को गंगाजल से शुद्ध करने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। ये घटनाएं बताती हैं कि छुआछूत और भेदभाव की मानसिकता आज भी समाज में मौजूद है। ऐसे में आरक्षण की आवश्यकता को कैसे नकारा जा सकता है?

उच्च जातियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण: चिराग

उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार ने उच्च जातियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था शुरू की है। पासवान ने कहा, ‘यह व्यवस्था बाबा साहेब आंबेडकर की सोच के आधार पर बनाई गई थी, और दुनिया की कोई भी ताकत इसे कमजोर नहीं कर पाएगी। जब तक मैं, रामविलास पासवान का बेटा, इस सरकार का हिस्सा हूं, मैं इस व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं होने दूंगा।’

Share this News...