चांडिल में होटल के बाहर व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित होटल 10th माइल स्टोन्स में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अपराधियों ने होटल से बाहर निकल रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान कदमा स्थित विजय हेरिटेज निवासी व्यापारी और बिल्डर निखार सबलोक के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे. चाय पीने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से आए एक अपराधी ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने करीब नौ राउंड फायरिंग की. गोली लगने से निखार सबलोक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सात गोलियां उन्हें लगीं, जबकि दो गोलियां मिसफायर होने की बात सामने आ रही है. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से मिले खोखे एवं अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही हमलावर की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल गोलीबारी के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. दिनदहाड़े होटल के बाहर हुई इस वारदात के बाद चांडिल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच के साथ हमलावर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
