कोलकाता, 26 जुलाई : डंस्टर बिजनेस स्कूल, ज्यूरिच स्वीटजरलैंड द्वारा कल कोलकाता में प्रतिष्ठित उद्यमी एवं रेनबो खास खबर समूह के चेयरमैन रमेश गांधी को मानद पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई. व्यापार प्रबंधन के क्षेत्र में उनके आलेख को सर्वश्रेष्ठ पाया गया. पूर्व में इस तरह की उपाधि लोकप्रिय कलाकार शाहरुख खान को भी इस स्कूल द्वारा प्रदान की गई है. रमेश गांधी धनबाद में जन्मे और धनबाद में ही व्यापार की शुरुआत की. सन 1980 से 90 के दशक में कोयला के व्यापार पर रमेश गांधी का साम्राज्य रहा. उनके साथ उनके अनुज महेश गांधी भी व्यापार में जुड़े रहे और उनकी कंपनी में को-प्रोमोटर के रुप में निदेशक के तौर पर काम करते रहे. रमेश गांधी अत्यंत ही सामाजिक व आध्यात्मिक प्रवृति के हैं. उनके पिता स्व. शांतिलाल गांधी और माता स्व. सरला गांधी थीं. शांतिलाल गांधी रेलवे में कार्यरत रहे. रमेश गांधी ने कड़ी मेहनत और कई झंझावतों को झेलते हुए एक मुकाम हासिल किया था. फिलहाल उनकी उम्र 73 वर्ष है और स्वास्थ्य के कारणों से वे स्वीटजरलैंड नहीं गये. स्कूल द्वारा उन्हें वर्चुअल तरीके से यह उपाधि प्रदान की गई. इस स्पर्धा में कनाडा, मलेशिया, आबूधाबी, पाकिस्तान, वियतनाम आदि देश के लोग शामिल थे. सबको रमेश गांधी ने पछाड़ कर यह उपलब्धि हासिल की.
