पोटका। धीरोल पंचायत के बांगो टोला नूतनडीह में निजी रैयती जमीन की आड़ में सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री के प्रयास का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर सीओ निकिता बाला के निर्देश पर कराई गई जमीन की मापी में खाता संख्या 433 में 3.10 एकड़ सरकारी जमीन पाए जाने से हड़कंप मच गया। जमीन को बाउंड्री किए जाने की बात भी सामने आई है।
मामले में अंचल कार्यालय ने प्रिया वर्मा, शांति मिश्रा एवं अल्पना कुमारी के खिलाफ जेपीएलई केस दायर कर नोटिस जारी किया है। तीनों को निर्धारित समय में जमीन से संबंधित कागजात प्रस्तुत कर अपना दावा रखने का निर्देश दिया गया है।
सीओ निकिता बाला ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचल प्रशासन की कार्रवाई से सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री के प्रयास में जुटे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
