पेट्रोल-डीजल तीन रूपये महँगा हुआ,हाहाकार बरकरार,digital भुगतान बंद,सुबह 4 बजे से कतार में लगे लोग

 

जमशेदपुर : शहर में पेट्रोल और डीजल को लेकर संकट लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को भी शहर के कई पेट्रोल पंप बंद रहे, जबकि खुले पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालत यह रही कि लोग सुबह चार बजे से ही अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में खड़े नजर आए।
शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर कार, बाइक, ट्रक, बस और जेसीबी मशीनों की लंबी कतारें देखी गईं। खासकर हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंपों पर हालात ज्यादा गंभीर रहे। कई जगहों पर वाहनों की लंबी लाइन के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
इधर, शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। पेट्रोल की कीमत बढ़कर 100.76 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 95.68 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले पेट्रोल 97.80 रुपये और डीजल 92.55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था। कीमतों में वृद्धि के बाद वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।
कई पेट्रोल पंपों पर केवल नगद भुगतान लेकर ही पेट्रोल-डीजल दिए जाने की व्यवस्था की गई है। डिजिटल भुगतान बंद होने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जिला प्रशासन ने कई पेट्रोल पंपों के बाहर ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस कर्मी वाहनों की कतार को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
पेट्रोल-डीजल संकट के कारण आम लोगों के साथ-साथ परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। यदि जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई तो यात्री और मालवाहक वाहनों के परिचालन पर भी असर पड़ सकता है।

Share this News...