Dhanbad : धनबाद में सांसद और विधायक के बीच चल रहे विवाद के बीच गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से निरसा विधायक अरूप चटर्जी को धमकी मिलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि विधायक से पैसे की मांग की गई और रकम नहीं देने पर 24 घंटे के भीतर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई.
मामले की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है. धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है.
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि उन्होंने पहले भी सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि धनबाद के सांसद ढुलू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के बीच संबंध हैं. उनका दावा है कि दोनों एक समय जेल में भी साथ रह चुके हैं. विधायक ने आरोप लगाया कि प्रिंस खान के जरिए धमकी दिलवाने और कथित तौर पर पैसे की वसूली कराने के पीछे ढुलू महतो का हाथ है.
अरूप चटर्जी ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बातें सामने रखी थीं और उसके 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि उन्हें प्रिंस खान के नाम से धमकी मिल गई. उनका कहना है कि इससे उनके आरोपों को बल मिलता है कि ढुलू महतो और प्रिंस खान के बीच संबंध हैं.
विधायक ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी धनबाद के एसपी, झारखंड के मुख्यमंत्री और डीजीपी को दे दी गई है. साथ ही कहा कि शनिवार को संबंधित थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
सांसद ढुल्लू महतो दुबई में अपना ठिकाना बनाया- अरूप चटर्जी
भाकपा-माले विधायक अरूप चटर्जी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में यहां तक कह दिया कि प्रिंस खान के सहयोग से सांसद ढुल्लू महतो दुबई में अपना ठिकाना बना लिए है। केंद्र सरकार को चाहिए कि सांसद का पासपोर्ट और अन्य कागजात कब्जे में ले लें। नहीं तो सत्ता से बाहर होते ही वह विदेश भाग जाएंगे।
निरसा क्षेत्र के कल -कारखानों को बंद करवा दिए-ढुल्लू महतो
दरअसल पिछले कुछ दिनों से धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो और मासस के निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच जवानी जंग छिड़ी हुई है। दो दिन पहले सांसद ढुल्लू महतो ने कहा था कि जिसका बेटा नहीं होगा, वह परिवार का दर्द क्या समझेगा? अरूप चटर्जी ने कहा कि हां, मुझे बेटा नहीं हैं। मेरी दो बेटियां हैं, लेकिन दोनों बेटियां किसी के बेटे से कम नहीं हैं। सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया था कि निरसा में एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम विधायक अरूप चटर्जी ने पैसे के लिए रोका है। अरूप चटर्जी विकास विरोधी मानसिकता के व्यक्ति हैं। निरसा क्षेत्र के कल -कारखानों को बंद करवा दिए।
सांसद ने कहा था कि एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण गोविंदपुर में भी हो रहा है, लेकिन सिंदरी विधायक ने कोई अड़ंगा नहीं डाला। निरसा में अरूप चटर्जी को परेशानी क्यों हो रही है? हर कोई समझ रहा है कि निरसा विधायक की सोच क्या है? विधानसभा चुनाव में अरूप चटर्जी को जनता जवाब देगी। विकास योजनाओं में राजनीति महंगी पड़ेगी ,सांसद ने अरूप चटर्जी पर कई व्यक्तिगत हमले भी किए थे. कहा कि हर राज्यसभा चुनाव में अरूप चटर्जी पर बिकने का आरोप लगता रहा है।
