दुमका – राजकीय श्रावणी मेला के दौरान शिवगंगा में तैनात एनडीआरएफ की 9वीं वाहिनी की टीम ने रविवार को तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए अलग-अलग घटनाओं में डूब रहे दो श्रद्धालुओं की जान बचाई। दोनों श्रद्धालु स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे और डूबने लगे थे। मौके पर मुस्तैद एनडीआरएफ के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पहली घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे की है। लगभग 20 वर्षीय एक युवक शिवगंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। युवक को डूबता देख शिवगंगा में तैनात एनडीआरएफ की टीम तुरंत सक्रिय हुई और बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने युवक को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया।
वहीं, दूसरी घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। लगभग 26 वर्षीय एक श्रद्धालु स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। स्थिति को भांपते हुए एनडीआरएफ के जवानों ने तत्काल कार्रवाई की और श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों घटनाओं के दौरान इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, उमाकांत मिश्रा सहित एनडीआरएफ के अन्य जवानों ने त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। टीम की सतर्कता, तत्परता और कुशल बचाव तकनीक के कारण दोनों श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बचाया जा सका।
श्रावणी मेला के दौरान शिवगंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ की टीम लगातार मुस्तैद है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, बैरिकेडिंग का पालन करें तथा सुरक्षा में तैनात जवानों एवं कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
