कोलकाता के होटल में लगी आग 9 की मौत,मरने वाले सभी बांग्लादेशी

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आज बुधवार सुबह एक होटल में आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत होने की खबर है. छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं.

रिपोर्ट के अनुसार मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आज अहले सुबह अचानक आग लग गयी. उस समय होटल के कमरों में लोग सो रहे थे. देखते ही देखते आग पूरे होटल में फैल गयी. जब तक कमरों में सोये लोग कुछ समझ पाते, आग और धुएं में वे घिर गये. जिन्हें मौका मिला, वे बदहवास अवस्था में बाहर भागे.

कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग कमरों से निकल नहीं पाये. आग से झुलस कर उनकी मौत हो गयी. आग लगने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड की टीम भी वहां पहुंची. जानकारी के अनुसार चार दमकल वाहन आग बुझाने में जुट गये.

पुलिस ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है. इनमें एक बच्चा भी शामिल हैं. कई लोग आग और धुएं की चपेट में झुलस गये हैं. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है. दमकल विभाग के अनुसार मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे. वे यहां इलाज करने आये थे.

Share this News...