डीडी बार हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बीयर बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और कोल्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए 30 जून 2026 को देर रात्रि जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है. इसके साथ ही सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी को भी पद से हटाने का आदेश जारी किया गया.
सरकारी स्तर पर इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था की स्थिति और हाल के दिनों में बढ़ते अपराधों के मद्देनजर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है. विशेष रूप से डीडी बीयर बार हत्याकांड के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे और विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों तथा आम लोगों द्वारा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी.
तीन शीर्ष अधिकारी करेंगे जमशेदपुर में कैंप
ज्ञात हो कि हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ था. इस घटना को लेकर लगातार विरोध-प्रदर्शन और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे थे. ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा की गई यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत मानी जा रही है कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शहर के कई सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अपराध और लापरवाही के खिलाफ कड़ा संदेश बताया है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई होगी और उन्हें कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जाएगी. साथ ही यह भी अपेक्षा व्यक्त की गई है कि कोल्हान क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार आगे भी सख्त कदम उठाएगी.
