नोवामुंडी में हाथियों की मौत का सिलसिला जारी!
टांकुरा में मिला एक और हाथी का शव, वन विभाग में मचा हड़कंप
एक सप्ताह पहले बालजोड़ी गांव के सिंदरीगौरी टोली में कुएं में डूबकर हुई थी हथिनी की मौत, भनगांव में गर्भवती हथिनी समेत तीन हाथियों की भी जा चुकी है जान
नोवामुंडी संवाददाता,4 नवम्बर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी वन क्षेत्र में उपद्रवी जंगली हाथियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला टांकुरा गाँव का है, जहां बुधवार की सुबह एक हाथी मृत अवस्था में मिला है। हाथी का शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यू आर टी टीम घटनास्थल पहुँच गई है। फिलहाल हाथी की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, आस पास कहीं
बिजली तार भी नही है ऐसे में जहर खाने की आशंका बनी हुई है वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले बालजोड़ी गांव में कुएं में डूबने से एक हथिनी की मौत हो गई थी। वहीं, इससे पहले भंनगांव में एक गर्भवती हथिनी समेत तीन हाथियों की मौत हो चुकी है।
लगातार सामने आ रही हाथियों की मौत की घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में एक के बाद एक हाथियों की मौत से स्थानीय लोगों में भी चिंता व्याप्त है। अब टांकुरा में मिले हाथी के शव के बाद वन विभाग की जांच और मौत के कारणों का खुलासा होने का इंतजार है.
