हाउसिंग सोसाइटी की गवर्निंग काउंसिल का भी पुनर्गठन, टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी और महासचिव सतीश सिंह को मिली जिम्मेदारी
जमशेदपुर। टाटा स्टील ने वर्ष 2045 तक कार्बन न्यूट्रल बनने के लक्ष्य को हासिल करने व वैश्विक स्तर पर तकनीकी नेतृत्व मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी ने दुनिया भर में विकसित हो रही नई व उन्नत तकनीकों का आकलन करने के लिए हाईपावर स्ट्रैटेजिक टेक्नोलॉजी असेसमेंट पैनल (स्टैप) का गठन किया है। इसके साथ ही टिस्को इंप्लॉइज हाउसिंग एंड वेलफेयर सोसाइटी की गवर्निंग काउंसिल का भी पुनर्गठन किया गया है। कंपनी के सीईओ व एमडी टी. वी. नरेंद्रन के हस्ताक्षर से जारी दो अलग-अलग सर्कुलर के माध्यम से ये निर्णय लिए गए हैं।
वैश्विक तकनीकों का आकलन करेगा स्टैप
टाटा स्टील की ओर से गठित स्ट्रैटेजिक टेक्नोलॉजी असेसमेंट पैनल की अध्यक्षता वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, आरएंडडी, एनएमबी एवं ग्राफीन) सुबोध पांडेय करेंगे। वहीं, मुनीश सूदन, चीफ आईपी काउंसिल एवं टेक्नोलॉजी इंटेलिजेंस को पैनल का संयोजक बनाया गया है।
पैनल में भारत के अलावा नीदरलैंड व ब्रिटेन स्थित टाटा स्टील के शोध एवं तकनीकी केंद्रों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके सदस्य शैलेन शर्मा, सुमितेश दास, अनूप कुमार त्रिवेदी, अतनु रंजन पाल, सिद्धार्थ मिश्रा और टी. भास्कर होंगे। आवश्यकता के अनुसार वैश्विक स्तर के बाहरी विशेषज्ञों को भी पैनल में शामिल किया जा सकेगा।
कंपनी के अनुसार, नई तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में किसी भी तकनीक को अपनाने से पहले उसकी उपयोगिता, संभावित लाभ और व्यावहारिकता का विस्तृत मूल्यांकन जरूरी है। पैनल यह तय करेगा कि किन तकनीकी प्रस्तावों को आगे बढ़ाया जाए और किन्हें उपयुक्त नहीं मानते हुए खारिज किया जाए। सफल परीक्षण और मूल्यांकन के बाद विस्तृत रिपोर्ट सीधे टाटा स्टील बोर्ड को भेजी जाएगी, जिससे बोर्ड स्तर पर तकनीक को अपनाने का निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
हाउसिंग सोसाइटी की काउंसिल में यूनियन नेतृत्व को जगह
दूसरी ओर, टिस्को इंप्लॉइज हाउसिंग एंड वेलफेयर सोसाइटी की गवर्निंग काउंसिल का भी पुनर्गठन किया गया है। नई काउंसिल में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू) और महासचिव सतीश सिंह को शामिल किया गया है।
नई गवर्निंग काउंसिल में डी. बी. सुंदरा रामम, अतुल भटनागर, संजीव चौधरी, सतीश सिंह, शैलेश सिंह, अमिता खुराना, अमित कुमार सिंह, अवनिश अरुण, आनंद कुमार और ज्ञानेंद्र करण सदस्य होंगे।
यह पुनर्गठन कंपनी के संगठनात्मक बदलावों के मद्देनजर किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय 19 नवंबर 2025 को जारी पूर्व सर्कुलर के संदर्भ में तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
गौरतलब है कि टिस्को इंप्लॉइज हाउसिंग एंड वेलफेयर सोसाइटी कर्मचारियों के आवास और कल्याण से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में इसकी गवर्निंग काउंसिल में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष और महासचिव को शामिल किया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
