● जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सरकारी एवं निजी विद्यालयों को जारी किया आदेश
● विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया निर्णय
जमशेदपुर, 10 अगस्त (रिपोर्टर) झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहर के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लिए विशेष निर्देश जारी किया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जारी पत्र के अनुसार 10 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 9 अगस्त को जारी पत्र में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन एवं उससे उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 10 अगस्त को सुबह 10:30 बजे तक विद्यालय बंद रखा जाए.
इस आदेश के तहत यूकेजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों की विद्यालय अवधि सुबह 10:30 बजे तक प्रभावित रहेगी. विद्यालय प्रबंधन को जिला प्रशासन के निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के रूप में विद्यालयों को निर्धारित अवधि तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है. विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि के दौरान विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन अथवा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाए. जिला प्रशासन की ओर से यह कदम छात्र आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर उठाया गया है. विद्यालय प्रबंधन से प्रशासन के आदेश का पूरी तरह पालन करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है. उल्लेखनीय है कि शहर में भी छात्र आंदोलन के मद्देनजर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 अगस्त की मध्यरात्रि से अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू कर दिया है.
