आंधी पानी के साथ हुई ओलावृष्टि, भीषण गर्मी से राहत,झारखंड में 5 मई तक बारिश के आसार

jamshedpur 30 april जमशेदपुर में आज शाम ओलावृष्टि के साथ हुई है बारिश से प्रचंड गर्मी झेल रहे लोगों को काफी राहत मिली ।पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान 44 डिग्री के पार जा रहा था लेकिन आज शाम करीब 4:30 बजे के बाद आसमान में घने बादल छाए और आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब 20:25 मिनट तक बर्फबारी और बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली.
झारखंड की राजधानी रांची व हजारीबाग समेत कई जिलों में आज मौसम का मिजाज बदला. इससे भीषण गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली. चिलचिलाती धूप के बाद रांची में आसमान में बादल छा गये. इससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली. हजारीबाग जिले में मौसम का रुख बदला और रिमझिम बारिश हुई. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 5 मई तक आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे. मेघ गर्जन के साथ बारिश होगी और इस दौरान वज्रपात की भी आशंका जाहिर की गयी है.

येलो अलर्ट जारी

झारखंड के रांची, बोकारो, चतरा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार, पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, रामगढ़, कोडरमा एवं हजारीबाग जिले के कुछ भागों में आज शनिवार को मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है. मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि कुछ ही देर में इन इलाकों में बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

पारा 40 के पार

आपको बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची का अधिकतम तापमान शुक्रवार को भी 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा. राजधानी रांची के अलावा जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 44.1 तथा डालटनगंज का 45.6 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. गुरुवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस था. मौसम वैज्ञानिक एससी मंडल के अनुसार पिछले 24 घंटे में कई जिलों में लू चली. कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा.

Share this News...