CSK- धोनी फिर बने कप्तान, दबाव नहीं झेल पाए जडेजा , आनन-फानन में बड़ा फैसला

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) से बहुत बड़ी खबर आ रही है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविंद्र जडेजा से कप्तानी छीनकर कमान दोबारा महेंद्र सिंह धोनी को दे दी है। टीम को चार बार चैंपियन बना चुके माही ने इस सीजन की शुरुआत में कप्तानी छोड़कर सभी को हैरान कर दिया था। तब फ्रैंचाइजी की ओर से जडेजा को कप्तान नियुक्त किया गया था, लेकिन वह दबाव नहीं झेल पाए, ऐसे में अपनी बैटिंग पर फोकस करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया।

CSK ने बयान में क्या कहा

रविंद्र जडेजा ने खेल पर फोकस करने के लिए कप्तानी से हटने का फैसला किया है, उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी से फिर कप्तानी करने का अनुरोध किया है। टीम की भलाई ध्यान में रखते हुए माही ने भी इसे मान लिया। अब धोनी बतौर कप्तान सीजन में पहली बार रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उतरेगें।
रवींद्र जडेजा आमतौर पर IPL में अच्छा प्रदर्शन करते थे लेकिन कप्तानी के दबाव में उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा। ऐसे में जडेजा की काफी आलोचना हो रही थी। पर किसी को यकीन नहीं था कि सर रवींद्र जडेजा इतना बड़ा फैसला ले सकते हैं।

चौथी बार बदला चेन्नई का कप्तान
जडेजा की कप्तान छोड़ने के बाद धोनी दूसरी बार टीम की कप्तान संभालेंगे। 33 साल के जडेजा 2012 से चेन्नई टीम के साथ हैं। 24 मार्च को धोनी ने अचानक उन्हें कप्तानी सौंपने का ऐलान किया था। तब जडेजा चेन्नई के तीसरे कप्तान बने थे। आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही महेंद्र सिंह धोनी ही टीम की कमान संभाल रहे थे। धोनी ने 213 मैच में कप्तानी करते हुए टीम को 130 मैच में जीत दिलाई है। बीच में सुरेश रैना ने भी 6 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम ने सिर्फ 2 ही मैच जीते थे। 40 साल के धोनी 2008 से चेन्नई के कप्तान रहे हैं और यह उनका आखिरी आईपीएल हो सकता है। वह पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
धोनी दूसरे सबसे सफल कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं, उन्होंने 2010, 2011, 2018 और 2021 में चेन्नई के लिए चार बार खिताब जीते हैं। उनका जीत प्रतिशत भी गजब है। धोनी की अगुआई में यैलो आर्मी ने 121 मैच जीते हैं।

Share this News...