छह राज्यों के कलाकारों ने लिया हिस्सा, विशिष्ट अतिथि कलाकार के रूप में हुईं आमंत्रित; नृत्य कुंज ने किया सम्मानित
जमशेदपुर: शहर के टेल्को निवासी कथक नृत्यांगना देबांजली रॉय चौधरी ने पुरी में आयोजित जगन्नाथ नृत्य उत्सव 2026 में अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कोलकाता की सांस्कृतिक संस्था नृत्य कुंज द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित नृत्य उत्सव में देबांजली को विशिष्ट अतिथि कलाकार के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में छह राज्यों के कलाकारों ने भाग लेकर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन किया।
देबांजली रॉय चौधरी ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत भावपूर्ण कृष्ण वंदना से की। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में समर्पित इस प्रस्तुति में उन्होंने कथक की भावाभिव्यक्ति और नृत्य की सुंदरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उन्होंने ताल धमारे और तराना की प्रस्तुति दी, जिसमें उनकी लयकारी, पद संचालन और शास्त्रीय नृत्य कौशल देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन उन्होंने राधा-कृष्ण के प्रेम भाव पर आधारित ठुमरी ‘रोको ना डगर’ से किया। इस प्रस्तुति में भाव, लय और संगीत के सुंदर समन्वय ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर संस्था नृत्य कुंज की निदेशक मौमिता चक्रवर्ती एवं मुख्य अतिथि डॉ. उपेंद्र शर्मा ने देबांजली रॉय चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया। अतिथि कलाकार के रूप में उनकी सहभागिता ने जमशेदपुर की सांस्कृतिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाई।
उल्लेखनीय है कि बाल दिवस के अवसर पर नृत्य कुंज की ओर से आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में भी देबांजली रॉय चौधरी ने निर्णायक की भूमिका निभाई थी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उन्होंने अपनी कला एवं अनुभव के माध्यम से आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुरी में आयोजित जगन्नाथ नृत्य उत्सव में उनकी सहभागिता और सम्मान जमशेदपुर के सांस्कृतिक जगत के लिए गौरव का विषय है।
