जुगसलाई का रहने वाला अवैध हथियारों का चर्चित तस्कर औरंगजेब लखीसराय में चार पिस्टल, चार मैगजीन और 25 कारतूस के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर : जुगसलाई का रहने वाला अवैध हथियारों का तस्कर औरंगजेब लखीसराय में गिरफ्तार हुआ है। लखीसराय में बिहार की एसटीएफ ने औरंगजेब को चार पिस्टल, चार मैगजीन और 25 कारतूस के साथ पकड़ा है। उसके पास से 4500 रुपए और दो मोबाइल भी बरामद हुआ है। औरंगजेब लखीसराय से एक अन्य हथियार तस्कर मुंगेर के वर्धा के रहने वाले अफरोज से हथियारों की खेप लेने पहुंचा था। बिहार की एसटीएफ को हथियारों की डीलिंग की पहले ही जानकारी हो गई थी।
एसटीएफ ने रेलवे स्टेशन के पास छापामारी कर अफरोज और औरंगजेब को गिरफ्तार कर लिया। औरंगजेब जुगसलाई का रहने वाला है। पहले भी वह कई मामलों में जेल जा चुका है। कई बार वह हथियारों के साथ पकड़ा गया है।
एसटीएफ को पूछताछ में औरंगजेब ने बताया कि वह हथियार लेकर जमशेदपुर जा रहा था। यहां जुगसलाई में उसका घर है। औरंगजेब हथियार बेचने का काम करता है। सूत्र बताते हैं कि औरंगजेब शहर के कई शातिर अपराधियों को हथियारों की सप्लाई करता है। कई बड़े गिरोह औरंगजेब से ही हथियार खरीदते हैं। लखीसराय पुलिस ने औरंगजेब के पकड़े जाने की सूचना जमशेदपुर पुलिस को भी दे दी है। जमशेदपुर पुलिस अपने तरीके से मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि क्या औरंगजेब बदमाशों को यह हथियार बेचने वाला था।

Share this News...