गोपालगंज के तत्कालीन DM जी. कृष्णैया की 1994 में हुई मॉब लिंचिंग और हत्या के मामले में दोषी पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने मोहन को समय पूर्व रिहाई का फैसला पलट दिया है. कोर्ट ने कहा कि न्याय के लिए कानून और नैतिकता का पक्ष लेना जरूरी है. कोर्ट ने कहा कि वो मूकदर्शक बने नहीं रह सकती है. कोर्ट ने एक महीने के भीतर मोहन को सरेंडर करने का दिया आदेश.
कोर्ट ने क्या कहा, जानें
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार का आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के फैसले को पलटते हुए कहा कि रिट क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का दायित्व है कि वह सक्रिय रूप से न्याय सुनिश्चित करे. कोर्ट ने कहा कि न्यायिक समीक्षा केवल निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है बल्कि मनमानी कार्रवाई के खिलाफ वैधानिकता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने का सक्रिय माध्यम है.
आनंद मोहन को थोड़ी राहत भी
गोपालगंज जिलाधिकारी हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पूर्व सांसद आनंद मोहन की सजा में छूट की नई प्रक्रिया तभी शुरू हो सकेगी, जब वह एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करेंगे. शीर्ष अदालत ने कहा कि बिहार सरकार पूर्व सांसद आनंद मोहन की सजा में छूट के लिए स्वतंत्र, लेकिन उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा.
बिहार सरकार के फैसले को बताया गलत
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने जी कृष्णैया की विधवा की बिहार सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली रिट याचिका दाखिल करने की भी इजाजत दी. कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा अप्रैल 2023 में प्रिजन मैन्युल में बदलाव का फैसला गैर संवैधानिक था. इस बदलाव के तहत किसी सरकारी अधिकारी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे शख्स को सजा में छूट का अधिकार मिल गया था. कोर्ट ने अब इसे ही गलत बताया है. कोर्ट ने कहा कि सजा में छूट देने से पहले पीड़ित परिवार का पक्ष सुना जाना जरूरी है.
