बैंक डकैती के 24 घंटे के भीतर गोलमुरी के ज्वेलर्स दुकान में 40 लाख की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, अपराधियों की खुली चुनौती

जमशेदपुर में चोरों और अपराधियों के बढ़ते आतंक ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोलमुरी में करोड़ों की बैंक डकैती के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि उसी बाजार में चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बना दिया। डीलक्स इलेक्ट्रिकल के सामने स्थित आरती ज्वेलर्स में बीती रात सेंधमारी की घटना हुई। यह दुकान बैंक ऑफ़ इंडिया वाली लाइन में है.
बताया जाता है कि दुकान में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार होता है। सुबह दुकान खोलने पर संचालक को चोरी की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह दुकान केनरा बैंक से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसी बैंक में एक दिन पहले ही हथियारबंद अपराधियों ने करीब 43 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की डकैती की थी।
लगातार दो रातों में एक ही इलाके में इतनी बड़ी आपराधिक घटनाएं पुलिस के उस दावे पर भी सवाल खड़े करती हैं कि शहर में हाई अलर्ट है। सवाल यह है कि अगर पुलिस वास्तव में हाई अलर्ट पर थी तो बैंक डकैती के बाद उसी इलाके में रातोंरात दूसरी बड़ी चोरी कैसे हो गई?
गोलमुरी बाजार में लगातार हो रही घटनाएं केवल चोरी या डकैती का मामला नहीं हैं, बल्कि यह शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती की वास्तविक स्थिति की परीक्षा भी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस घटना का खुलासा कितनी जल्दी करती है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए क्या ठोस कार्रवाई होती है।

Share this News...