खरकई नदी उफनाई, खतरे के निशान से ऊपर,129.020 मीटर पहुंचा जलस्तर, निचले इलाकों में बढ़ी बाढ़ की चिंता; प्रशासन अलर्ट

आदित्यपुर ) : लगातार हो रही बारिश के बीच खरकई नदी का जलस्तर शुक्रवार सुबह खतरे के निशान को पार कर गया। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की सुबह 8 बजे की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार आदित्यपुर स्थित खरकई पुल के पास नदी का जलस्तर 129.020 मीटर दर्ज किया गया। जबकि यहां खरकई नदी का खतरे का निशान 129.000 मीटर निर्धारित है। इस तरह नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.020 मीटर यानी 2 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है।
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन बारिश जारी रहने के कारण जलस्तर में और वृद्धि की आशंका बनी हुई है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष और जल संसाधन विभाग द्वारा नदी के जलस्तर एवं जलप्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है।
इधर, ओडिशा क्षेत्र में स्थित बैंकबल और खरकई बांधों की स्थिति पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार बैंकबल बांध के दो गेट खुले हुए हैं। बांधों से होने वाले जलप्रवाह और लगातार बारिश के कारण खरकई नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर संबंधित विभाग नजर रख रहा है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा नदी की स्थिति की जानकारी संबंधित प्रशासनिक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है। बारिश जारी रहने की स्थिति में प्रशासन द्वारा स्थिति के अनुसार आगे आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।

Share this News...