निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर धनबाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल, दो साथी भी गिरफ्तार

धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर, सागर का जुड़ाव निखार सबलोक हत्याकांड से

 

धनबाद: निरसा इलाके में बुधवार शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से सागर नाम का अपराधी घायल हो गया. घायल सागर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

एसएसपी ने की मुठभेड़ की पुष्टि

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस एनकाउंटर की पुष्टि की है. एसएसपी के मुताबिक, निरसा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सागर नामक अपराधी को गोली लगी है. फिलहाल वह घायल अवस्था में है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है.

सागर का जुड़ाव निखार सबलोक हत्याकांड से

घायल सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर अपने कुछ साथियों के साथ धनबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है.

घेराबंदी के बाद हुई फायरिंग

इसके बाद पुलिस टीम ने निरसा इलाके में घेराबंदी की. इसी दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच फायरिंग शुरू हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर को गोली लगी. कार्रवाई के दौरान उसके दो साथियों को भी पुलिस ने पकड़े जाने की सूचना है.

जांच जारी, पूछताछ तेज

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घायल अपराधी के इलाज के साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड और धनबाद में प्रस्तावित वारदात के बारे में भी पूछताछ की जा रही है.

Share this News...