धनबाद से शुरू की सेवा, धनबाद से ही सेवानिवृत्त हुए डीपीआरओ

Dhanbad,5 July:जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) अजीत कुमार सिंह सेवानिवृत्त हो गए। उपायुक्त संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाहरणालय में आयोजित समारोह में शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके मंगलमय भविष्य व स्वस्थ जीवन की कामना कर विदाई दी। उन्हें सफल और स्वच्छ कार्यकाल के लिए बधाई दी।

श्री सिंह ने पहली बार 1991 में बलियापुर के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के रुप में सेवा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), चाईबासा, साहेबगंज और पलामू जिले में योगदान दिया। 24 अक्तूबर 2019 को धनबाद के जिला पंचायती राज पदाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। 30 जून 2022 को वे सेवानिवृत्त हुए।

अपने कार्यकाल के दौरान श्री सिंह ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी के तौर पर 2010 में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), 2015 में साहेबगंज तथा 2022 में धनबाद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

समारोह के दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्री सिंह जानते थे कि वे 2 – 3 महीने में सेवानिवृत्ति होने वाले हैं। इसके बावजूद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराकर अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उनका यह व्यवहार अन्य लोगों के लिए एक सीख है। काम का अत्यधिक भार होने के बाद भी उन्होंने शांत स्वभाव से हर काम को अच्छे तरीके से पूरा किया।
विदाई समारोह में उपायुक्त संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह, डीपीओ महेश भगत, उप निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार पांडे, डीएसडब्ल्यूओ स्नेह कश्यप, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल, विशेष कार्य पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, कार्यपालक दंडाधिकारी अमर प्रसाद, डॉ प्रदीप कुमार, अंशु कुमार पांडे, रविंद्र नाथ ठाकुर, डीआईओ सुनीता तुलस्यान, कार्यालय अधीक्षक (पंचायत) शांतानु सरकार, प्रधान श्री रमेश तिवारी, लिपिक पंकज कुमार रजक, शंभु मालतो सहित अन्य लोग मौजूद थे। सेवानिवृति के बाद अब वे जमशेदपुर के डिमना में रहेंगे.

Share this News...