झारखंड के मुख्य सचिव बदले, एल खियांग्ते बने नए सीएस

Ranchi,6 Nov ;
झारखंड के मुख्य सचिव बदल दिए गए हैं. नए सीएस एल खियांग्ते बने हैं. इससे पहले सुखदेव सिंह राज्य के मुख्य सचिव थे, लेकिन अब उन्हें एटीआई का महानिदेशक बना दिया गया है. इससे पहले एल खियांग्ते एटीआई के महानिदेशक थे. झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इस संबंध में सूचना भी जारी कर दिया है. झारखंड के नए मुख्य सचिव एल खियांग्ते के पास अपर मुख्य सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार होगा.
झारखंड के निवर्तमान मुख्य सचिव सुखदेव सिंह 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. झारखंड में इन्होंने लंबी सेवा दी है. मार्च 2020 से उन्होंने डीके तिवारी के रिटायर होने के बाद राज्य के 23वें मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाली थी. राज्य की सेवा करते हुए सुखदेव सिंह को कई मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य करने का अनुभव रहा है. सुखदेव सिंह पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा के प्रधान सचिव रह चुके हैं.
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके प्रधान सचिव के तौर पर सुखदेव सिंह ने कार्य किया है. हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव भी रहे हैं. हेमंत सोरेन की सरकार बनने के बाद हेमंत सोरेन ने उन्हें राज्य का 23वां मुख्य सचिव बनाया. सुखदेव सिंह 2024 में सेवानिवृत्ति होंगे.
झारखंड के 24वें मुख्य सचिव बने एल खियांग्ते 1988 बैच के झारखंड कैडर के आईएएस ऑफिसर हैं. उनका जन्म 26 अक्टूबर 1964 को हुआ था. वह 31 अक्टूबर 2024 को रिटायर होंगे. उनके बैच के दो आईएएस ऑफिसर है जिनमें अरुण कुमार सिंह इसी साल 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले हैं जबकि अलका तिवारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं.

Share this News...