साहिबगंज में BLO ने मांगे थे मतदाताओं से पैसे! डीसी ने आंगनबाड़ी सेविका आलिया खातून की नौकरी की समाप्त

 

साहिबगंज डीसी ने मतदाता गणना प्रपत्र भरने के दौरान मतदाताओं से राशि मांगने की पुष्टि होने के बाद बीएलओ को कार्यमुक्त कर दिया है.

 

साहिबगंज: डीसी दीपक कुमार दुबे ने बीएलओ एवं आंगनबाड़ी सेविका आलिया खातून की नौकरी को समाप्त कर दिया है. दरअसल राजमहल प्रखंड के अंतर्गत करबल्ला आंगनबाड़ी केंद्र में आलिया खातून बतौर सेविका के रुप में कार्यरत थीं. ग्रामिणों ने निर्वाचन संबंधी कार्यों के दौरान मतदाता गणना प्रपत्र भरने एवं डिजिटाइजेशन के नाम पर मतदाताओं से अवैध राशि की वसूली की शिकायत उपायुक्त से की थी. शिकायत मिलने के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने एक कमेटी का गठन किया था.

जांच में पुष्टि हुई पैसे मांगने की बात

आदेश के आलोक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, राजमहल सदानंद महतो की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में इस बात की पुष्टि हुई है कि आंगनबाड़ी सेविका आलिया खातून, जो मतदान केंद्र संख्या–240 की सह बीएलओ के रूप में कार्यरत थीं ने मतदाता गणना प्रपत्र भरने एवं डिजिटाइजेशन के नाम पर मतदाताओं से अवैध राशि की वसूली की. जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से आलिया खातून को आंगनबाड़ी सेविका के पद से मुक्त करने का निर्णय लिया गया है.

SIR प्रक्रिया में पैसे मांगने पर करें शिकायत

साहिबगंज जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्र भरने, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी तरीके से निःशुल्क है. यदि कोई शख्स इस काम के नाम पर राशि की मांग या अपने काम में लापरवाही करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या फिर जिला प्रशासन को दे सकते हैं ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके.

गौरतलब है कि 25 जुलाई तक राजमहल, बरहेट, बोरियो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कुल 8,72,148 मतदाताओं में 100% एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण सफलतापूर्वक कर लिया गया है. इसके साथ ही 7,74,131 (88.76%) फॉर्म का डिजिटाइजेशन तथा 7,73,612 (88.69%) फॉर्म का बीएलओ द्वारा सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है. अभियान के दौरान नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है. अब तक 2,090 मतदाताओं ने खुद ऑनलाइन माध्यम से अपना गणना प्रपत्र सफलतापूर्वक जमा किया है.

आंगनबाड़ी सेविका द्वारा एसआईआर के दौरान राशि उगाही की शिकायत डीसी को मिली थी. शिकायत मिलने के साथ आज से करीब 10 दिन पहले जांच कमेटी बनाई गई थी, जिसमें राजमहल एसडीओ, राजमहल बीडीओ सहित विभागीय पदाधिकारी को शामिल किया गया था. मामले की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कमेटी ने राशि मांगने की पुष्टि की है. एक रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे को सौंपा गया है. उपायुक्त स्तर से आंगनबाड़ी सेविका को चयन कार्यमुक्त कर दिया गया है: सदानंद महतो, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी राजमहल

 

Share this News...