भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की. नबीन ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, सरदार मनप्रीत सिंह बादल और रेखा वर्मा शामिल हैं. केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. बीएल संतोष को संगठनात्मक राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है. नबीन ने आठ पार्टी नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव भी नियुक्त किया है, जिनमें विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी और बिप्लब कुमार देब शामिल हैं. पार्टी ने अपने विभिन्न मोर्चों के नए प्रमुखों के नामों की भी घोषणा की, जिनमें डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा अध्यक्ष, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है.
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में 6 महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन महिला राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं. दीपक म्हस्के बीजेपी आईटी सेल के नए चीफ होंगे, जो अमित मालवीय की जगह लेंगे.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दीपक महस्के को सोशल-मीडिया रणनीति के केंद्र में संगठन पर ध्यान देने वाला और डेटा-ओरिएंटेड चेहरा माना जाता है. रायपुर में रहने वाले दीपक वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्य भाजपा के स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं. उन्होंने सार्वजनिक मीडिया प्रवक्ता के तौर पर काम करने के बजाय पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया सिस्टम में चुपचाप रहकर लगभग 15 साल बिताए हैं.उन्होंने बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे अहम विधानसभा चुनावों के लिए पर्दे के पीछे रहकर डिजिटल, डेटा और सोशल मीडिया कैंपेन संभाले हैं.अपने पूर्ववर्ती अमित मालवीय के उलट, उन्हें एक संगठनात्मक रणनीतिकार के तौर पर जाना जाता है जो डिजिटल नेटवर्क बनाने, स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया की पहुंच बढ़ाने और बूथ स्तर पर माइक्रो-टार्गेटिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं.
उन्होंने केमिस्ट्री में एमएससी किया है. सीमेंट टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सर्टिफिकेशन का भी उन्होंने कोर्स किया है. कॉलेज में केमिस्ट्री टीचर के तौर पर करियर की शुरुआत की थी. वह बागवानी, ऑर्गेनिक खेती और खेती से जुड़ी गतिविधियों में 35 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं.
पार्टी में चुनावी डेटा इकट्ठा करने, उसका विश्लेषण करने और लाभार्थी-योजनाओं के डेटा के लिए जाने जाते हैं. भाजपा छत्तीसगढ़ राज्य आईटी सेल के इंचार्ज और राज्य प्रवक्ता के तौर पर काम कर चुके हैं. साल 2025 से राज्य मंत्री के दर्जे के साथ छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन हैं.
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की नई टीम को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट किया, “बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने वाले सभी लोगों को बधाई. यह नई टीम संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और ज़मीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव का संगम है. मुझे भरोसा है कि वे हमारी पार्टी को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे. उन्हें मेरी शुभकामनाएं.”
